हैप्पी एनीवर्सरी, माय डियर व्हाटएवर
एक वादा — सच बोलना है, चाहे चुभे। दस बरस बाद दो जुड़े हुए दिल पाते हैं कि जिसे 'वो' वाला प्रेम कहते हैं वो दोनों के बीच कभी था ही नहीं — और फिर भी।
" एक वादा करो... तुम किसी भी हालत में मुझसे झूठ नहीं बोलोगे। "
" मत करवाओ ऐसा वादा..... "
" क्यों... ? तुम मुझसे कुछ छिपाकर रखना चाहते हो? "
" अच्छा बाबा... किया वादा। "
" तो बताओ तुम मुझसे कितना प्यार करते हो? बताओ न.... "
" दरअसल... ऊं ऊँ... मैं तुमसे प्यार नहीं करता! "
" क्या? सच? पर दो साल पहले तो तुम बार-बार कहते थे की तुम्हे मुझसे प्यार है... क्या वो झूठ था? "
" नहीं... बिलकुल नहीं! वह भी सच था... उस पल का सच वही था! मगर आज का सच यही है! मैं तुम्हारी परवाह करता हूँ, तुम्हारा सम्मान करता हूँ, तुम्हे एक अच्छे साथी और दोस्त के तौर पर प्यार भी करता हूँ, मगर वो वाला प्यार नहीं करता अब! इस बात से एक गिल्ट भी होती है मुझे और हैरानी भी कि ऐसे कैसे अपने आप प्रेम की फीलिंग गायब हो सकती है। "
" कोई और है जीवन में अब? "
" नहीं, नहीं। एकदम नहीं। "
" हम्म... एक सच मैं भी कहूं! "
" हां हां... कहो न! "
" मैं तुमसे तब भी प्यार नहीं करती थी और आज भी नहीं करती हूँ! बहुत कोशिश की कि तुमसे गहरा इश्क हो जाये पर नहीं हो सका। ऐसा भी नहीं कि कोई और हो मेरी ज़िंदगी में। फिर भी... लेकिन तुम्हारी बात ने मुझे एक बोझ से उबार दिया! मुझे अच्छा और हल्का लग रहा है! "
" हा हा..... यह सुनकर बुरा लगना चाहिए पर नहीं लग रहा। पता नहीं क्यों? "
" क्योंकि हम बिना 'वो' वाला प्रेम किये ही इतने गहरे जुड़े हुए हैं कि कौन सा प्रेम है, कौन सा नहीं है, इससे फर्क नहीं पड़ता। बस इतना जानती हूँ कि तुम्हारे बिना नहीं रह सकती। "
" मैं भी.... तुम तो चाहिए ही चाहिए मुझे अपनी लाइफ में। अब इसे साथ का सुख कह लो या आदत, पर सच यही है। "
" लेकिन ऐसे में क्या यह सम्भव नहीं कि हम और किसी से प्रेम कर बैठें और शायद तब हम उसके साथ जाना चाहें? "
" है तो यह सम्भव। लेकिन फिर तो यह भी सम्भव है ना कि अब हम जान गए हैं कि हम प्रेमी-प्रेमिका नहीं हैं तो क्या पता हमें ही एक दूसरे से प्यार हो जाये। फिर कुछ बातें वक्त पर ही छोड़ दें तो बेहतर है। अभी तो अपने दस साल के साथ को सेलिब्रेट करें। "
" हैप्पी एनीवर्सरी डियर ❤️ "
" हैप्पी एनीवर्सरी माय डियर व्हाटएवर 😍 "
Related writings
Comments
No comments yet.